July 9, 2026

मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेंट्रल की पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी भारत उर्फ भालू उत्तर प्रदेश के कचेडा गांव का रहने वाला है और फिलहाल बल्लभगढ़ की फ्रेंड्स कॉलोनी में रह रहा था। वह कुछ दिन पहले तिगांव निवासी सुमेर नागर पर अपने साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर चुका है।

8 अगस्त की रात क्राइम ब्रांच की पुलिस को सूचना मिली कि भारत मोटरसाइकिल से मच्छगर गांव की तरफ जा रहा है। पुलिस ने आईएमटी क्षेत्र में नाकाबंदी की। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा और मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी।

आरोपी को बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।  

भारत उर्फ भालू पर पहले भी लड़ाई-झगड़ा, अपहरण, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 5 मामले दर्ज हैं। उस पर 5 हजार का इनाम भी घोषित था। मौके से एक देसी पिस्टल, 4 खाली कारतूस, 2 जिंदा कारतूस और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है।