March 7, 2026

एलिम्को बल्लभगढ़ में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण शिविर, 45 लाख से अधिक के उपकरण प्रदान

Faridabad/Alive News: भारत सरकार के उपक्रम हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व पहल के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड के बल्लभगढ़ स्थित परिसर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में फरीदाबाद क्षेत्र के 71 पूर्व चिन्हित दिव्यांगजनों को 45 लाख रुपये से अधिक लागत के आधुनिक सहायक उपकरण और 3डी प्रिंटिंग से बने कृत्रिम अंग वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय कुलश्रेष्ठ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रवीण कुमार, एम. नागराज (निदेशक कॉर्पोरेट प्लानिंग, हुडको), जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सौरोत सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। एलिम्को द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि संजय कुलश्रेष्ठ ने कहा कि हुडको सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिविर में आए लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली और शुभकामनाएं दीं।

एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने अपने संबोधन में निगम की उत्पादन क्षमता, तकनीकी नवाचार और देशभर में सहायक उपकरणों की उपलब्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपकरणों की गुणवत्ता बनाए रखने और किसी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने इस सामाजिक पहल के लिए हुडको और एलिम्को का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि दोनों संस्थाओं के सहयोग से जिले में नियमित अंतराल पर परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने एलिम्को की 3डी स्कैनिंग एवं प्रिंटिंग यूनिट और एसएमटी लाइन का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। शिविर में 55 बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 4 स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, 1 जॉयस्टिक संचालित व्हीलचेयर, 3डी प्रिंटेड कृत्रिम अंग, स्पाइनल ब्रेस, बैसाखी, वॉकर और छड़ी सहित अन्य उपकरण वितरित किए गए।

इस अवसर पर एलिम्को फरीदाबाद से प्रबंधक मृणाल कुमार, सह प्रबंधक सुमित तिवारी, राजेश दास, दिवाकर झा तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से जयपाल भी उपस्थित रहे।