March 7, 2026

अगली बलि की तैयारी में था इसलिए कत्ल के लिए चुना सावन का पहला शुक्रवार

Uttar Pradesh/Alive News: मेरठ के सरधना में दो बच्चों की हत्या करने वाले तांत्रिक को लेकर नया खुलासा हुआ है। आरोपी तांत्रिक अगली बलि देने की तैयारी में था। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी उस बच्चे की हर गतिविधि और दिनचर्या की जानकारी जुटा रहा था

मेरठ के सरधना के नवाबगढ़ी गांव में दो मासूमों नरबलि ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। तांत्रिक असद बच्चों की बलि देकर सिद्धि प्राप्त करना चाहता था। इस सनक में उसने रिहान और उवैस की बेरहमी से हत्या कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी की सनक थमी नहीं थी। उसने अगले बृहस्पतिवार को एक और बच्चे की बलि देने की योजना बना ली थी।

यह बच्चा भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी उस बच्चे की हर गतिविधि और दिनचर्या की जानकारी जुटा रहा था।

बलि के लिए चुना सावन का पहला शुक्रवार
ग्रामीणों की माने तो असद ने विशेष तिथियों और धार्मिक अवसरों को ध्यान में रखते हुए बलि के लिए सावन माह के पहले शुक्रवार का चयन किया था। कहा जाता है कि यह दिन तांत्रिक क्रियाओं के लिए अत्यंत प्रभावशाली होता है। तीन माह पूर्व रिहान भी बृहस्पतिवार शाम को लापता हुआ था।

उसकी हत्या भी शुक्रवार को ही की गई। उवैस की हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से अगली वारदात टल गई। असद की हरकतें केवल अंधविश्वास नहीं मानी जा रही हैं। उसकी गतिविधियों और अपराध के तरीके से पुलिस और ग्रामीणों को संदेह है कि वह या तो किसी गंभीर मानसिक विकृति से ग्रस्त था, या फिर किसी संगठित तांत्रिक गिरोह से जुड़ा था।

डायरी, मोबाइल फोन से खुलेंगे सारे राज
ग्रामीणों ने बताया कि दिन में वह धार्मिक चर्चा करता, धार्मिक वेशभूषा में दिखता था, लेकिन रात होते ही तांत्रिक क्रियाओं के लिए नरबलि जैसे घिनौने अपराध की योजना बनाने लगता था। पुलिस ने उसकी डायरी, मोबाइल फोन और कुछ फोटोग्राफ जब्त किए हैं, इनकी मदद से पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

तांत्रिक सिद्धी पाने के लिए रिहान (उम्र 11) और उवैस (उम्र 14) की हत्या के आरोपी असद ने रविवार को पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस उसे साक्ष्य एकत्र करने के लिए लेकर जा रही थी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी के पिता इकरामुद्दीन और भाई आसिफ, आरिफ, जुबैर व रिहान को भी पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है।