June 12, 2025

आर्य युवक परिषद ने युवक चरित्र निर्माण शिविर का किया शुभारंभ

Faridabad/Alive News: महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्श व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह विचार शिक्षाविद् डॉ. गजराज सिंह आर्य ने केंद्रीय आर्य युवक परिषद हरियाणा ने सेक्टर-19 स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल में आयोजित 7 दिवसीय युवक चरित्र निर्माण शिविर के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किये।

इस शुभ अवसर पर उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उनके आदर्शो पर चलते हुए युवाओं को संस्कारवान, राष्ट्रभक्त और संस्कृति रक्षक बनाना आर्य समाज का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में विमला ग्रोवर व प्रवीण गोयल ने कहा कि युवा देश की दशा और दिशा को बदलने में सक्षम हैं, जरूरत केवल उचित मार्गदर्शन की है। ऐसे शिविर युवाओं में आत्मबल और उत्साह भरने का कार्य करते हैं।

शिविर का संचालन सत्यपाल शास्त्री ने किया। केंद्रीय आर्य युवक परिषद हरियाणा के महामंत्री डा. वीरेंद्र योगाचार्य ने बताया कि इस शिविर में 100 से अधिक बच्चे प्रशिक्षण ग्रहण करेंगे, जिसमें उन्हें लाठी, डंबल, दंड बैठक, योगासन, आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने का कार्य किया जाएगा।

शिविर के प्रारंभ में शहर के गणमान्य अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महेश आर्य, दयानंद सेठी, अशोक गर्ग, मदनलाल तनेजा, सुरेश शास्त्री, नंदलाल कालरा, हरिओम शास्त्री, नरेश अग्रवाल, अशोक शास्त्री, बाबूराम सैनी, आशा आर्य, रघुवीर शास्त्री, जितेंद्र सिंह आर्य और आचार्य शिव कुमार ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन को समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पित करने का आह्वान किया।