March 7, 2026

फर्जी शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल सहित सभी आरोपी बरी, सत्य की हुई जीत: नरेश शर्मा

Faridabad/Alive News: आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश प्रवक्ता नरेश शर्मा ने दिल्ली में दर्ज कथित शराब घोटाले के सीबीआई केस में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया सहित सभी 23 आरोपियों के बरी होने और कोर्ट द्वारा मामला खारिज किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

नरेश शर्मा ने कहा कि यह फैसला देश की जनता के कानून पर विश्वास को और मजबूत करता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सत्य को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं। आज सत्य की जीत हुई है और देशवासियों में न्यायपालिका के प्रति भरोसा कायम हुआ है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला राजनीतिक षड्यंत्र के तहत दर्ज किया गया था। उनके अनुसार, अदालत के फैसले ने तथ्यों को स्पष्ट करते हुए “दूध का दूध और पानी का पानी” कर दिया है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी को समाप्त करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बड़ा षड्यंत्र रचा गया, लेकिन अदालत में यह साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को देश की न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास था और अंततः न्याय मिला।

नरेश शर्मा ने आगे बताया कि पूर्व सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में जल्द ही संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार को जनता के बीच उजागर किया जाएगा और आगामी समय में आम आदमी पार्टी सरकार बनाने की दिशा में कार्य करेगी।