Faridabad/Alive News: उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के निर्देश तथा सचिव बिजेंद्र सोरौत के मार्गदर्शन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा बाल भवन में कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रेडक्रॉस पुनर्वास केंद्र, फरीदाबाद, एलिम्को नवादा और दिल्ली की संस्था इंटरनेशनल रिहैब सेंटर फॉर डिसेबल्ड के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर में 31 दिव्यांगजनों और असहाय वरिष्ठ नागरिकों को बैट्री चालित तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए मोबाइल फोन और स्मार्ट केन सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने बताया कि रेडक्रॉस जिले के हर जरूरतमंद दिव्यांग तक पहुंचकर उनकी सहायता करेगा और एलिम्को के सहयोग से सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजन एलिम्को या रेडक्रॉस कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा डागर ने रेडक्रॉस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। वहीं उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने बताया कि रेडक्रॉस विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से समाज सेवा के कई कार्य कर रहा है, जिनमें दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंटरनेशनल रिहैब सेंटर फॉर डिसेबल्ड के निदेशक डॉ. मनीष सूद ने बताया कि पूर्व में आयोजित जांच एवं माप शिविर में चयनित पात्र दिव्यांगजनों को आज निःशुल्क उपकरण प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विमल खंडेलवाल, कमलेश शास्त्री सहित रेडक्रॉस पुनर्वास केंद्र की टीम और एलिम्को के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

