April 20, 2024

योजना बनाकर दोस्त के घर में डकैती करने वाले आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: योजना बनाकर दोस्त के घर डकैती डालने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आदित्य सहित 6 आरोपियों को अलग- अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विकास उर्फ मट्टू, आशीष उर्फ आशु, नितिन, मोहित, आदित्य उर्फ अशोक कुमार और मोहित के रूप में हुई है।

मुख्य आरोपी आदित्य अपने मित्र के घर 2 दिन पहले ही आ गया था। आरोपी ने 5 जनवरी की सुबह 3 बजे शिकायतकर्ता देव ज्योति के घर आदित्य ने अपने 5 साथियों को दरवाजा खोल कर घर में घुसा लिया था। शिकायतकर्ता को बंधक बना लिया और उसके सिर में चोट मारी। सभी आरोपियों ने मिलकर लेपटॉप, मोबाईल फोन, कुछ कीमती सोना, चांदी व हीरे के जेवरात व कुछ नगदी को लूट, घटना को अंजाम दिया था। पांचों आरोपी दिल्ली से इको गाड़ी को किराए पर लेकर आए थे और फरीदाबाद में ओयो रुम लेकर इको ड्राइवर के साथ रुके थे।

आरोपी ड्राइवर को झुठ बोलकर दिल्ली से फरीदाबाद लाए थे। पुलिस ने गुप्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी मोहित(काला) और नितिन को सिकंदराउ हाथरस से 7 जनवरी को गिरफ्तार किया था। दोनो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने पर इस घटना में अन्य चार आरोपियों के शामिल होने की बात पता चली। आरोपी विकास और आशीष को टिकावली फरीदाबाद से तथा आदित्य और मोहित दुबे को कालिंदी कुंज दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।

क्राईम ब्रांच ने गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में प्रयोग गाड़ी के साथ सोने के 2 लॉकेट, 3 गले की चैन, 2 जोड़ी चूड़ी, 2 अंगूठी, 2 जोड़ी झूमका, 2 गले के हार एवं चांदी के 5 लॉकेट, 2 ब्रेसलेट, 2 अंगूठी, चुटकी 2 जोड़ी, 1 राखी, 1 तागड़ी, पायल-6 जोडी, 4 कड़े और 2 लैपटॉप, एक आई फोन, 2 घड़ी, 10 हजार रुपए नगद बरामद किए है।

पुलिस की जांच में पता चला की गिरफ्तार आरोपी मोहित के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट डकैती के 6, चोरी के 9 और अवैध हथियार का 1 और चोरी का सामान प्रयोग करने और अवैध नशा सामग्री की तस्करी के मुकदमें दर्ज है। आरोपी ने इन सभी लूट डकैती और अवैध हथियार की सभी घटनाओं को वर्ष 2018 और 2019 में अंजाम दिया है। जिसके बारे में दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया है। आरोपीयो को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।