May 4, 2024

श्री सिद्धदाता आश्रम पहुंचे केबिनेट मंत्री ने आश्रम के गतिविधियों की सराहना

हरियाणा सरकार के केबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने श्री सिद्धदाता आश्रम में अरदास लगाई और आश्रम की गतिविधियों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सिद्धों को भी देने वाले का नाम सिद्धदाता है। मैं यहां वर्षों से आता हूं और आश्रम की गरिमा के लिए कुछ भी कर सकता हूं।

उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल ने आश्रम के अधिष्ठाता अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज से शुभाशीर्वाद प्राप्त कर मंदिर में माथा टेका। उन्होंने कहा कि आमतौर पर मठ मंदिर सामान्य धर्म कर्म आदि गतिविधियों में ही संलग्र रहते हैं लेकिन श्री सिद्धदाता आश्रम धार्मिक आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ साथ सामाजिक दायित्वों को भी बखूबी निभा रहा है।

आश्रम की ओर से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, गौरक्षण, नर में नारायण मानकर सेवा करना आदि ऐसे अनेक प्रकल्पों को पोषित किया जा रहा है जिससे मानव अपने जीवन का सही अर्थ समझ पा रहा है। आश्रम द्वारा अनेक बार पौधारोपण के कार्यक्रम संचालित किए गए हैं जिनमें कई बार मुझे भी शामिल होने का अवसर मिला है।

वहीं गौओं के संरक्षण के लिए विशाल गौशाला की भी स्थापना की गई है। इसके साथ ही संस्कृत और संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए स्वामी सुदर्शनाचार्य संस्कृत वेद वेदांग महाविद्यालय की भी स्थापना की गई है। जहां शास्त्री तक मुफ्त शिक्षा दी जा रही है।विपुल गोयल ने कहा कि वह यहां आकर असीम ऊर्जा महसूस करता हूं। इसलिए मुझे जब भी समय मिलता है मैं यहां चला आता हूं।