March 7, 2026

फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई, पटवारी और उसका सहायक रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूटेशन चढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांग रहे एक पटवारी और उसके सहायक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर 20 हजार रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित से म्यूटेशन चढ़ाने के लिए कुल 30 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 5 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे। बाद में सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ। इसकी शिकायत संजय कॉलोनी निवासी शत्रुजीत शर्मा ने एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव में स्थित उसकी दुकान और मकान की म्यूटेशन के लिए वह पिछले कई महीनों से तहसील के चक्कर काट रहा था, लेकिन संबंधित पटवारी जितेंद्र उसका काम नहीं कर रहा था। इसके बाद उप-तहसील गोच्छी में तैनात पटवारी जितेंद्र के सहयोगी विनोद ने म्यूटेशन कराने के एवज में रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और पाउडर लगे नोट देकर शिकायतकर्ता को आरोपियों के पास भेजा। जैसे ही दोनों ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।