March 7, 2026

हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में हुई नवल भड़ाना हत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी योगेंद्र यादव उर्फ योगी (35) निवासी सराय ख्वाजा को नया पल्ला पुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 सितंबर को सराय ख्वाजा निवासी नवल खटाना की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नवल की पत्नी की शिकायत पर चार नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।

पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन नवल ने आरोपियों के साथ शराब पी थी। इसी दौरान नवल और आरोपी अभिजीत के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद आरोपी अभिजीत और उसके साथियों ने नवल को घायल कर अपने मकान पर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

गिरफ्तार आरोपी योगेंद्र यादव को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में अभिजीत, विक्की उर्फ मोनू और योगेंद्र उर्फ योगी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।