March 7, 2026

फर्जी पुलिस बनकर अपहरण और वसूली करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की अपराध शाखा (AVTS-2) ने एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे जबरन पैसे वसूलने के मामले में तीसरे आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अर्जुन और उसके साथी दीपक को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। आरोपी सन्नी फरीदाबाद के जीवन नगर का रहने वाला है।

क्या थी पूरी घटना?

भूपानी के रहने वाले अजय ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 18 अगस्त को जब वह काम से घर लौट रहा था, तब कुछ युवकों ने कार से उसकी स्कूटी रोक ली। आरोपियों ने खुद को ‘पुलिस वाला’ बताया और अजय पर सरिया चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया। वे उसे काफी देर तक शहर में घुमाते रहे, उसके साथ मारपीट की और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की मांग की।

डरा-धमकाकर की थी वसूली

आरोपियों के डर से अजय ने अपने भाई गुरमीत को फोन करके पैसे मंगवाए। जब उसका भाई 50 हजार रुपये लेकर पहुंचा, तो आरोपियों ने पैसे ले लिए और साथ ही अजय की सोने की अंगूठी और लोकेट भी छीन लिया। उन्होंने धमकी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो अंजाम बुरा होगा।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

जांच में पता चला कि गिरफ्तार किया गया आरोपी सन्नी, पहले पकड़े गए आरोपी अर्जुन का भाई है। इन तीनों ने मिलकर अपहरण और वसूली की इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को पहले ही बरामद कर लिया था। अब सन्नी को भी अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।