March 7, 2026

मिलेट्स को लोकप्रिय बना रहीं रेवाड़ी की अनिता देवी

Faridabad/Alive News: रेवाड़ी जिले के गांव डवाना की अनिता देवी मोटे अनाज (श्रीअन्न) से बने उत्पादों को आमजन तक पहुंचाकर स्वस्थ खानपान को बढ़ावा दे रही हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी अनिता देवी द्वारा तैयार किए गए मिलेट्स उत्पाद इन दिनों फरीदाबाद में आयोजित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में खासा आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

‘लोकल फॉर ग्लोबल–आत्मनिर्भर भारत की पहचान’ थीम के तहत मेले के फूड कोर्ट में डवाना एग्रो किसान उत्पादक संगठन के सौजन्य से लगाए गए ‘मिलेट्स फूड’ स्टॉल पर बाजरा और रागी लड्डू, बाजरा नमकीन, बिस्कुट, खिचड़ी, मिलेट्स थाली, बाजरा पिज्जा, पकौड़े, मोरिंगा पराठा व चाय सहित कई पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध हैं।

अनिता देवी का कहना है कि जंक फूड से बढ़ती बीमारियों के बीच मिलेट्स स्वास्थ्य के लिए बेहतर विकल्प हैं। उन्होंने युवाओं से मोटे अनाज को दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि मिलेट्स को सुपरफूड व क्लाइमेट स्मार्ट अनाज माना जाता है, जो कम संसाधनों में भी उगाए जा सकते हैं और पोषण से भरपूर होते हैं।