April 24, 2024

कैबिनेट मंत्री के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगी आगनवाड़ी वर्कर

Faridabad/Alive News: आगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने अपनी हड़ताल 25 जनवरी तक बढ़ाई। यूनियन ने भाजपा और जजपा के मंत्रियों और विधायकों के आवासों के सम्मुख विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। इस फैसले के अनुसार जिला कमेटी फरीदाबाद ने आगामी 17 जनवरी को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मूल चंद शर्मा के सेक्टर आठ स्थित कार्यालय के सम्मुख प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला की वरिष्ठ उपप्रधान सुरिंदेरी ने की।जबकि संचालन जिला सचिव मालवती ने किया। उन्होंने बताया कि आज हड़ताल करते हुए 39 दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार का रवैया नकारात्मक है। सभा को संबोधित करते हुए सीटू के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि 12 जनवरी को हजारों की संख्या में आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर ने ऐतिहासिक जेल भरो आंदोलन को सफल बनाया।

लेकिन वर्करों और हेल्परों में सरकार की ताल मटोल की नीति से भारी नाराजगी फैली हुई है।यूनियन की मुख्य मांगों में वर्ष 2018 में वर्करों के वेतन में 15 सौ रुपए की बढ़ोतरी और सहायिकाओं के वेतन में 750 रूपए की बढ़ोतरी की जाए। 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री के द्वारा घोषित की गई मांगों को ज्यों का त्यों लागू किया जाए। आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों को रिटायरमेंट से पूर्व दुर्घटना होने पर इलाज का खर्च दिया जाए। रिटायरमेंट होने के बाद तीन लाख का मुआवजा दिया जाए।

वर्ष 2018 में की गई घोषणा के अनुसार कुशल और अकुशल का दर्जा देते हुए महंगाई भत्ते की किस्त को मानदेय में जोड़ कर दिया जाए। वर्कर से सुपरवाइजर की पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर की जाए। आईसीडीएस के निजीकरण पर रोक लगाई जाए। इत्यादि हैं। आज के प्रदर्शन सीटू के जिला प्रधान निरंतर पाराशर, जिला कोषाध्यक्ष सीमा ने भी संबोधित किया।