May 18, 2024

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन हरियाणा की तालमेल कमेटी के आह्वान पर सीएम सिटी करनाल में 14 फरवरी को होने वाली महारैली में फरीदाबाद से हजारों वर्कर भाग लेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली है। यह निर्णय लघु सचिवालय सेक्टर 12 में हड़ताली कर्मचारियों के बीच में लिया गया।

आज हड़ताल को 66 दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार और विभाग के अधिकारी हड़ताली कर्मचारियों के पत्र निकाल कर उन्हें मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने से नहीं चूक रहे है।यह जानकारी देते हुए सीटू के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि बार बार चेतावनी देने के बाद भी सीडीपीओ और जिला कार्यक्रम अधिकारी वर्करों और सहायिकाओं को सीधे काम पर लौटने के लिए मोबाइल संदेश देने से नहीं रुक रहे हैं।

हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि राज्य सरकार आईसीडीएस का निजीकरण करना चाहती है। नई शिक्षा नीति के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले वे स्कूलों में बदलकर प्राइवेट कंपनी को देने की कोशिश की जा रही।यूनियन सरकार की नीतियों का डटकर विरोध कर रही है। रोजगार बना रहे। राज्य सरकार प्रदेश की आंगनवाड़ी की वर्करों और हेल्पर की मांगों को लागू नहीं कर रही है।

यूनियन की मुख्य मांगों में मुख्यमंत्री के द्वारा वर्ष 2018 में की गई घोषणा के अनुसार कुशल अकुशल का दर्जा देते हुए महंगाई भत्ते की राशि को मानदेय में जोड़कर दिया जाए।आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्पर को रिटायरमेंट से पूर्व साधारण दुर्घटना होने पर इलाज का पूरा खर्चा दिया जाए। यदि मृत्यु होती है तो अन्य विभागों की तर्ज पर तीन लाख रुपए मुआवजा और मृतक के आश्रित को नौकरी प्रदान की जाए। यूनियन ने ऑनलाइन काम को बंद करके ऑफलाइन काम करने की मांग की है।