Faridabad/Alive News: स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना शहर में एक अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय बार में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट गुरुवार रात करीब 1:30 बजे (स्थानीय समय) कॉन्स्टेलेशन बार में हुआ, जहां नए साल का जश्न मनाया जा रहा था। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पूरे इलाके को एहतियात के तौर पर सील कर दिया गया है और नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
आतिशबाजी से हादसे की आशंका
स्विस न्यूज आउटलेट ‘ब्लिक’ के मुताबिक, यह धमाका संभवतः एक कॉन्सर्ट के दौरान इस्तेमाल की गई आतिशबाजी की वजह से हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पर्यटकों से भरा रहता है इलाका
क्रांस-मोंटाना स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वत क्षेत्र में स्थित एक प्रसिद्ध और लग्जरी स्की रिसॉर्ट है। यहां सर्दियों और नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। जनवरी के अंत में यहां FIS वर्ल्ड कप स्पीड स्कीइंग प्रतियोगिता भी होने वाली है।
फॉरेंसिक जांच जारी
फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर आग लगने के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

