Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा 31 दिसंबर 2025 को बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देना और नशामुक्त समाज का संदेश फैलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने आमजन को बताया कि नशा समाज को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर करता है। टीम ने नशे को एक गंभीर बीमारी बताते हुए लोगों से इससे दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस द्वारा सरकार की विभिन्न सहायता सेवाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, MANAS हेल्पलाइन 1933, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 1091 शामिल हैं। साथ ही नशे से जुड़ी जानकारी और परामर्श के लिए MANAS ऐप के बारे में भी लोगों को बताया गया।
नशा मुक्ति अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने गांव जाजरू, बल्लभगढ़ जोन में डोर-टू-डोर सर्वे भी किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश पहुंच सके।
पूरे अभियान के दौरान करीब 550 लोगों को जागरूक किया गया और समाज में नशे के खिलाफ एक सकारात्मक और मजबूत संदेश दिया गया।

