Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेंट्रल की पुलिस ने अपहरण कर मारपीट करने के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जुनहैड़ा निवासी राहुल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी आरोपी डॉक्टर ललितेश कान्त से जान पहचान थी। ललितेश का अपनी पत्नी के साथ केस चल रहा है। उसने आरोपी की पत्नी का केस लड़ने में मदद उनकी की थी, जिसकी वजह से ललितेश उससे रंजिश रखने लगा था। 2 जुलाई को रात के समय शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ कांवरा मोड़ पर खड़ा था तभी एक काली स्कार्पियो आई जिसमें कुलभूषण, ललितेश और आरोपी का मैनेजर व एक अन्य व्यक्ति गोविंद बैठे थे जिन्होंने शिकायतकर्ता को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसको कुलभूषण के घर ले गये, जहां पर चुन्नी से उसके हाथ पैर बांधकर मारपीट की तथा रात को के.आर मंगलम स्कूल के सामने फेक कर चले गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कुलभूषण उर्फ कुल्लू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और पीड़ित को उठा कर आरोपी कुलभूषण व उसके साथी कुलभूषण के घर ले गए और वहां ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इस मामले में पहले ही आरोपी ललितेश कांत, ललितेश मिश्रा तथा गोविंद को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी कुलभूषण उर्फ कुल्लू के विरुद्ध हरियाणा सहित अन्य राज्यों में कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

