March 7, 2026

आतंकी उमर की इकोस्पोर्ट कार से अमोनियम नाइट्रेट किया गया था सप्लाई, पूरी रात चली एनआईए और एनएसजी की जांच

Faridabad/Alive News: खंदावली गांव में मिली आतंकी उमर के नाम रजिस्टर्ड इकोस्पोर्ट कार से ही अमोनियम नाइट्रेट को ले जाया गया था, जिसका नंबर डीएल10सीके0458 है। बुधवार देर रात तक एनएसजी और एनआईए की टीम कार को लेकर जांच करती रही।

सूत्रों के अनुसार जांच टीम को कार में अमोनियम नाइट्रेट ले जाने के सुराग मिले है। जांच टीम को अंदेशा है कि इसी कार से दिल्ली एनसीआर में कई अलग -अलग जगहों पर इस विस्फोटक की सप्लाई की गई है। वहीं दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग शहरों में धमाके करने की साजिश भी हो सकती है।

बुधवार तड़के दो बजे तक टीम ने खंदावली गांव में रहने वाले युवक और उसके साले से पूछताछ की। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के अनुसार खंदावली गांव में रहने वाले युवक का साला ही इस गाड़ी को उसके प्लाट में खड़ी करके गया था।

यह युवक अल-फलाह यूनिवर्सिटी में आतंकी उमर की गाड़ी भी चलाने का काम करता था। जांच टीम ने कार के सभी पार्ट्स को खोलकर भी देखा है। रात को करीब दो बार कार को ले जाने के लिए क्रेन को मंगाया गया लेकिन फिर किन्हीं वजहों से उसको वापस भेज दिया गया।