October 25, 2024

अजय सिंह यादव ने पार्टी से दिया इस्तीफा, पढ़िए खबर

अजय सिंह यादव

Faridabad/Alive News : अजय सिंह यादव हरियाणा के पूर्व मंत्री ने वीरवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा कर दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना त्यागपत्र भेजा है। उन्होंने एआईसीसी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष पद और कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है।

उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने का फैसला बहुत कठिन था क्योंकि उनके परिवार का 70 वर्ष से पार्टी से जुड़ाव था। उनके पिता राव अभय सिंह 1952 में विधायक बने थे और उसके बाद उन्होंने पारिवारिक परंपरा को जारी रखा। अहीरवाल में राव इंद्रजीत सिंह के बाद सबसे कद्दावर नेता रह चुके कैप्टन अजय सिंह यादव की भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पटरी नहीं बैठ पा रही थी।

उनके हुड्डा के साथ मतभेद 2011 में उस समय शुरू हो गए थे, जब सीएम पद पर रहते हुए हुड्डा ने उनसे वित्त विभाग वापस ले लिया था। कैप्टन कई बार भूपेंद्र हुड्डा की आलोचना करते नजर आए, तो कई बार सराहना करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।

यह भी पढ़ें: हुड्‌डा के दिल्ली आवास पर समर्थन देने पहुंचे ये विधायक

कैप्टन रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से लगातार 6 बार विधायक चुने गए थे। लोकसभा चुनाव से पहले उनकी हुड्डा से तल्खियां बढ़ गई थीं। ओबीसी सेल का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बाद भी कांग्रेस में उन्हें सम्मान नहीं दिया जा रहा था। कैप्टन के बेटे चिरंजीव राव के चुनाव प्रचार में कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों को रेवाड़ी नहीं भेजा।

जातिगत समीकरण साधने के लिए कैप्टन ने खुद कुछ प्रभावशाली नेताओं को अपने स्तर पर प्रचार के लिए बुलाया था। बेटे चिरंजीव राव की हार के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रुख को लेकर कैप्टन नाराज नजर आ रहे थे। उन्होंने वीरवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व ओबीसी सेल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

2019 के चुनाव में चिरंजीव ने भाजपा के सुनील को हराया था
2019 के विधानसभा चुनाव में कैप्टन अज सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव रेवाड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। उन्होंने भाजपा के सुनील कुमार को 1,317 मतों से हराकर जीत दर्ज कराई थी। विधानसभा चुनाव 2024 में चिरंजीव को भाजपा के लक्ष्मण सिंह यादव ने 28,769 मतों से हराया।