New Delhi/Alive News: एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) के अपने सभी गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं। कंपनी ने बताया कि क्षेत्र में हालात सामान्य होने और परिचालन में सुधार के बाद चरणबद्ध तरीके से सभी सेवाएं बहाल की जा रही हैं।
एयरलाइन के अनुसार, कोझिकोड (कालीकट) से सलालाह के लिए उड़ानें 2 जुलाई से फिर शुरू हो गई हैं। वहीं कोझिकोड से कुवैत के लिए उड़ानों का संचालन 3 जुलाई से शुरू होगा। इसके अलावा बेंगलुरु से कुवैत के बीच उड़ानें 4 जुलाई से शुरू की जाएंगी और आने वाले दिनों में इनकी संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।
सप्ताह में कितनी उड़ानें होंगी?
- कोझिकोड–सलालाह मार्ग पर सप्ताह में 2 उड़ानें संचालित होंगी।
- कोझिकोड–कुवैत रूट पर 3 जुलाई से सप्ताह में 1 उड़ान शुरू होगी।
- 5 जुलाई से इस रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाकर सप्ताह में 3 कर दी जाएगी।
- मस्कट–मंगलुरु के बीच भी 3 जुलाई से उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू हो गई हैं।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस वर्तमान में मस्कट से भारत के 7 शहरों के लिए हर सप्ताह लगभग 40 उड़ानें संचालित करती है।
हालात सामान्य होने के बाद लिया गया फैसला
इससे पहले 27 जून को एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक संदेश में कहा था कि पश्चिम एशिया में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और जेट ईंधन की कीमतों में भी कमी आई है। ऐसे में एयरलाइन बंद या प्रभावित सेवाओं को दोबारा शुरू करने की योजना बना रही है।
नेटवर्क का लगातार विस्तार
कैंपबेल विल्सन ने बताया कि एयर इंडिया ने मुंबई और टोक्यो (हानेडा) के बीच हर सप्ताह 4 नई नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू की हैं। ये उड़ानें दिल्ली–हानेडा के बीच पहले से संचालित दैनिक सेवाओं के साथ जुड़ेंगी।
इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी। कंपनी अगले महीने से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा भी शुरू करेगी।

