August 25, 2026

कड़ाके की ठंड के बाद अब मौसम में तापमान की बढ़ोतरी

जनवरी के महीने में इस बार कुछ एक दिन कड़ाके की ठंड का प्रकोप देखने को मिला। वहीं फरवरी शुरुआत होते ही ठंड का असर भी कम हो गया है। अब दिन में काफी तेज धूप निकल रही है। सोमवार राजधानी दिल्ली का पारा तेजी से ऊपर चढ़ा। नतीजतन दोपहर के वक्त अचानक से लोगों को ठंड के इस मौसम में गर्मी का अहसास हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीते एक दशक में 10 फरवरी से पहले दिल्ली का तापमान इस स्तर पर नहीं पहुंचा था। मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान थोड़ा कम होगा। इसके बाद 9 व 10 फरवरी को दोबारा बढ़कर तापमान 29 डिग्री तक पहुंच जाएगा। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 12 डिग्री सेल्सियस, जबकि लुधियाना का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।