March 10, 2026

पितृपक्ष बिताने के बाद नवरात्रि की तैयारी के लिए बाजारों में चहल-पहल

Faridabad/Alive News: नवरात्रि का पर्व नजदीक आते ही फरीदाबाद के एक नं मार्केट में चहल-पहल तेज हो गई है। बाजार में हर तरफ सजी-धजी दुकानें, रंग-बिरंगी चुनरिया, पूजन सामग्री, माता की मूर्तियां और सजावटी सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इस दौरान मार्केट में जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है। भीड़भाड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

नवरात्र का पावन पर्व 22 सितंबर सोमवार से शुरू होगा जिस दौरान फरीदाबाद के एक नं मार्केट में  जगह-जगह दुकानों पर सजावटी सामान, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, कपड़े, श्रृंगार सामग्री और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें नज़र आ रही हैं। जहां श्रद्धालु माता रानी की पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक पूजन सामग्री खरीद रहे हैं। वहीं दुकानदारों के चेहरों पर रौनक साफ झलक रही है।

दुकानदारों का कहना है कि नवरात्रि के अवसर पर सामान्य दिनों की तुलना में सामान का बिक्री कई गुना अधिक होती है। यह दिन उनके लिए काफी व्यस्त और लाभकारी होता है। इस बार भीड़ पिछले साल से ज्यादा है, जिससे व्यापार में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

क्या कहना है खरीदारों का
खरीदारी करने आईं महिलाओं का कहना था कि पितृपक्ष बिताने के बाद आज वह फरीदाबाद की एक नंबर मार्केट में नवरात्रि  की पूजा के लिए सामान खरीदने आई है। नवरात्रि पर घर की सजावट और मां दुर्गा की पूजा का अलग ही महत्व है। नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के साथ मार्केट की चहल-पहल त्योहार का आनंद दोगुना कर देती है।