March 28, 2024

पंजाब के बाद अब राजस्थान के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी दिया इस्तीफा

Jaipur/Alive News : पंजाब की सियासत में आए भूचाल का असर अब राजस्थान में दिखने लगा है। कांग्रेस पार्टी पंजाब सीएम के इस्तीफे से उबर नहीं पाई है कि अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे अपना इस्तीफा सीएम गहलोत को भेजा। हालांकि लोकेश शर्मा के इस इस्तीफे को पंजाब की सियासत से जोड़ा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार इस्तीफे का कारण उन्होंने खुद के एक ट्वीट को बताया है। दरअसल ट्विटर पर उन्होंने लिखा था कि ‘मजबूत को मजबूर, मामूली को मगरूर किया जाए…। बाड़ ही खेत को खाए, उस फसल को कौन बचाए..’ लोकेश शर्मा का कहना है कि उनके ट्वीट को राजनीतक रंग दिया जा रहा है। इसे पंजाब की सियासत से जोड़ा जा रहा है, यह गलत है। इसलिए वे अपना इस्तीफा दे रहे हैं। 

यह किसी से छिपा नहीं है कि पंजाब की तरह राजस्थान कांग्रेस में भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। 2018 विधानसभा चुनाव के बाद से सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच तल्खी बढ़ती चली गई है। कई बार इसे सार्वजनिक तौर पर भी देखा गया है।