March 7, 2026

बीपीएल के बाद अब बुजुर्गों की पेंशन काट रही है भाजपा सरकार – दिग्विजय चौटाला

Sonipat/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर बुजुर्गों की पेंशन बंद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार चौधरी देवीलाल द्वारा शुरू की गई बुढ़ापा पेंशन योजना को मजबूत करने की बजाय लाभार्थियों की संख्या घट रही है।

दिग्विजय ने कहा कि बुजुर्गों को बैंकों की लाइन में लगने की बजाय घर-घर जाकर पेंशन मिलनी चाहिए, लेकिन सरकार उन्हें परेशान कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना किसी सर्वे के बीपीएल कार्ड काटे जा रहे हैं और बिजली के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि “युवा जोड़ो अभियान” के तहत वे अब तक 10 जिलों के 35 इलाकों में युवाओं से संवाद कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी प्रदेशभर में एक्टिव है और हर हलके में 5 हजार से ज्यादा नए सदस्य बनाए जा रहे हैं।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा से नाराज लोग अब जेजेपी से जुड़ रहे हैं, क्योंकि पार्टी जनता के मुद्दों को गंभीरता से उठा रही है। उन्होंने हरियाणा में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि न नेता सुरक्षित हैं न आम नागरिक, फिर भी भाजपा झूठे दावे कर रही है।

युवा जोड़ो अभियान के दौरान ग्रामीण इलाकों में लोगों ने दिग्विजय चौटाला का जोरदार स्वागत किया और कई युवाओं ने जेजेपी की सदस्यता ली।