Faridabad/Alive News : सर्दी के मौसम को देखते हुए नगर निगम फरीदाबाद ने बेघर और बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरों में ठहरने की समुचित व्यवस्था की है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि शहर के सभी 6 रैन बसेरों में रात्रि ठहराव के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो।
उन्होंने बताया कि सभी रैन बसेरों में कुल 250 से 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। निगम द्वारा रैन बसेरों में हीटर लगाए गए हैं और पर्याप्त मात्रा में गर्म कंबल, रजाई व बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं। दो पोर्टा केबिन रैन बसेरों के अतिरिक्त तिकोना पार्क में भी लगभग 100 से अधिक नागरिकों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, जहां गर्म पानी और हीटर की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही सेक्टर-14 स्थित रैन बसेरे में भी ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि संबंधित जेई रैन बसेरों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। नगर परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने कहा कि सभी रैन बसेरों में फोल्डिंग बेड, रजाई और गर्म कंबल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कुछ लोग जागरूक करने के बावजूद सड़कों पर सोना पसंद करते हैं, जिन्हें रैन बसेरों में लाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि सर्दी के मौसम में खुले में रात न बिताएं और सरकार द्वारा संचालित रैन बसेरों की निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।

