Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने मंगलवार को निगम मुख्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सीवर एवं पानी से संबंधित कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी ज़ोन के क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी, एसडीओ, इंस्पेक्टर और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में सीवर और पानी के केवल वैध कनेक्शन ही सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अवैध कनेक्शनों को नियमित करने, नागरिकों को जागरूक करने और सुविधाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए फील्ड कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सृष्टि बब्बर, दीपा पब्बी, सुमन रतरा, अशोक कुमार, दिनेश कुमार, विनोद कुमार, एसडीओ नवीन सहित पानी और सीवर कनेक्शन संबंधी कार्यों को देखने वाले सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि फील्ड टीमें यह सुनिश्चित करें कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में सीवर एवं पानी के बकाया बिलों की रिकवरी के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
एडिशनल कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बेहतर कार्य निष्पादन के साथ आमजन को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

