Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी में बाबा मंडी के पास चल रहे एक प्राइवेट डेंटल क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। यह क्लिनिक बिना वैध पंजीकरण और जरूरी दस्तावेजों के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने दो दिन पहले इस संबंध में सारन थाना पुलिस और सिविल सर्जन को शिकायत दी थी। शिकायत के बाद सिविल सर्जन जयंत आहूजा के निर्देश पर तीन डॉक्टरों की एक जांच टीम बनाई गई। शुक्रवार दोपहर यह टीम सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश की मौजूदगी में पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान क्लिनिक बंद मिला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में क्लिनिक खुलवाया गया और अंदर रखे सभी डेंटल उपकरणों की जांच की गई। जांच में पाए गए सभी डेंटल उपकरणों को जब्त कर लिया गया।
सिविल अस्पताल के स्पेशलिस्ट डेंटल सर्जन डॉ. धीरज ने बताया कि चौहान डेंटल क्लिनिक के खिलाफ फर्जी और अवैध रूप से संचालन की शिकायत मिली थी। मौके पर की गई जांच के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और सिविल सर्जन को सौंपी जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर क्लिनिक संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने जब्त किए गए सभी उपकरण अपने कब्जे में ले लिए हैं और मामले की जांच जारी है।

