August 5, 2026

अमेज़न ट्रक से 19.10 लाख रुपये के मोबाइल चोरी मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने करीब तीन साल पुराने अमेज़न के ट्रक से मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में 5,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिहार की अररिया जेल से प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के नूंह जिले के गांव सतपुतियाका निवासी नईम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला जून 2023 का है। सेक्टर-58 स्थित एसआरसी लॉजिस्टिक्स कंपनी के ट्रक में मानेसर स्थित अमेज़न वेयरहाउस से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान हैदराबाद भेजा गया था। माल की डिलीवरी के बाद अमेज़न की जांच में करीब 19.10 लाख रुपये कीमत के लगभग 100 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान कम पाए गए। इसके बाद थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मुख्य आरोपी नईम की पहचान की, जिस पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। बाद में पता चला कि वह बिहार के अररिया जिले में इसी तरह के एक अन्य मामले में जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लेकर आई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले ट्रक चालक आबिद और परिचालक यासिर से दोस्ती की और उन्हें पैसों का लालच देकर अपने साथ मिला लिया। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ एक स्विफ्ट कार में ट्रक के पीछे-पीछे तेलंगाना तक गया। रास्ते में सुनसान जगह पर ट्रक रुकवाकर करीब 100 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालकर कार में रख लिया गया। इसके बाद ट्रक को बाकी सामान के साथ तय स्थान पर भेज दिया गया, ताकि चोरी का तुरंत पता न चल सके।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। इस मामले में ट्रक चालक आबिद, परिचालक यासिर समेत अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।