Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गांव सिही में हुई हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, देशराज नामक व्यक्ति, निवासी गांव धमेडा जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस चौकी सेक्टर-8 में शिकायत दी थी कि उसका बेटा अनुज 16 अक्टूबर को अलीगढ़ जाने के लिए घर से मोटरसाइकिल पर निकला था। अगले दिन 17 अक्टूबर को सूचना मिली कि अनुज का शव गांव सिही, फरीदाबाद में मिला है। उसके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने तकनीकी सुराग और गुप्त सूचना के आधार पर कुलदीप (43), निवासी गांव सिही फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक अनुज ने आरोपी के घर में किराए पर एक कमरा लिया हुआ था। आरोपी को शक था कि अनुज उसके परिवार की महिलाओं पर गलत नजर रखता था। इसी बात से नाराज होकर कुलदीप ने अनुज को कमरे में लकड़ी से पीटा। पिटाई के बाद अनुज वहां से भाग गया, लेकिन चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई। बाद में उसका शव गांव सिही के पास मिला।
आरोपी कुलदीप एक प्राइवेट वेटनरी डॉक्टर है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है ताकि मामले की पूरी जांच की जा सके।

