March 14, 2026

10 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, इंडियामार्ट से लिया था नंबर

Faridabad/Alive News: 10 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।  पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, शाहपुर फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को एल्युमिनियम कंटेनर का व्यापारी बताया। 19 जून 2025 को आरोपी ने कंटेनरों की कुछ फोटो भी भेजी और कंटेनर बेचने की बात कही।

शिकायतकर्ता का एल्युमिनियम स्क्रैप का काम है, इसलिए उसे कंटेनरों की जरूरत थी। आरोपी की बातों में आकर उसने कंटेनर खरीदने के लिए आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन पैसे मिलने के बाद आरोपी ने न तो कोई माल भेजा और न ही पैसे वापस किए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार (54) निवासी हुडा सेक्टर-17, को जगाधरी से गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने इंडियामार्ट वेबसाइट से शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर हासिल किया था और कंटेनर उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी को अंजाम दिया।