March 7, 2026

एक्सटॉर्शन केस में आरोपी ने बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली, मुठभेड़ में घायल

Faridabad/Alive News: पुलिस ने एक्सटॉर्शन (रंगदारी) के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपी को मुठभेड़ के बाद काबू किया। बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 7 फरवरी को मोनू गुर्जर (22), हनी (20) और कपिल उर्फ कन्नू (21) निवासी बठिंडा, पंजाब को गिरफ्तार किया था। इन तीनों ने अपने सरगनाओं के कहने पर एक व्यापारी के घर में धमकी भरा पत्र और कारतूस डालकर रंगदारी मांगने की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस तीनों आरोपियों को 7 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। 10 फरवरी को पुलिस टीम आरोपी मोनू गुर्जर को बरामदगी के लिए पाली चौकी क्षेत्र में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के पहाड़ी इलाके में लेकर गई। वहां आरोपी ने एक पिस्टल, पांच कारतूस और AK-47 के पांच कारतूस बरामद कराए।

इसी दौरान मोनू ने पुलिसकर्मी की आंख में मिट्टी फेंक दी, उसकी सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर दो गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिसमें मोनू के बाएं पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि 5 फरवरी को थाना सेंट्रल में इस मामले में केस दर्ज किया गया था। एक स्टील व्यापारी ने शिकायत दी थी कि 17 दिसंबर 2025 को उसे व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का कॉल आया था। इसके बाद 2 फरवरी को उसके घर के आसपास संदिग्ध युवक दिखाई दिए और 5 फरवरी की रात उसके घर की गैलरी में एक थैली में 5 कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला था।

घायल मोनू गुर्जर को इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मोनू पर पंजाब में अपहरण, मारपीट और आर्म्स एक्ट के 4 मामले दर्ज हैं। हनी पर डकैती का एक मामला और कपिल पर वाहन चोरी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।