September 16, 2026

फरीदाबाद में अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने एक आरोपी को देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और फिलहाल लोनी (उत्तर प्रदेश) में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 19 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सराय इलाके में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। इस मामले में थाना सराय ख्वाजा में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑटो चलाने का काम करता है और उसने यह कट्टा बुलंदशहर से 2500 रुपये में खरीदा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।