March 20, 2026

4 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक आरोपी को 4.010 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जो सिद्धार्थ विहार, ब्लॉक-C, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 19 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दुर्गा बिल्डर के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। उसके पास से 4.010 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में थाना पल्ला में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा नोएडा से 40 हजार रुपये में खरीदकर लाया था और इसे बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले की जांच जारी है।