March 7, 2026

1.205 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive news: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1.205 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज रह चुका है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 9 अक्टूबर को टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध नशा लेकर घूम रहा है।

सूचना के आधार पर टीम ने डबुआ मंडी क्षेत्र से विकास सिंह (41), निवासी डबुआ कॉलोनी, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.205 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस पर थाना डबुआ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किसी अन्य व्यक्ति के लिए रोजाना मजदूरी के आधार पर गांजा सप्लाई करता था। पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।