March 7, 2026

ऑफिस से मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए फोन के पुर्जे

​Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने मोबाइल चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला गांव खेड़ी कलां के रहने वाले सुमित की शिकायत पर दर्ज किया गया था। सुमित का गांव में ही टेंट हाउस का ऑफिस है, जहाँ से 3 मार्च को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया था। इस चोरी के संबंध में थाना भूपानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मजदूरी करने आए व्यक्ति ने की थी वारदात

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी अतुल कुमार (25) बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद के खेड़ी पुल इलाके में किराए पर रह रहा था। वह पेशे से मजदूर है और चोरी की घटना से दो-तीन दिन पहले ही शिकायतकर्ता के ऑफिस में काम करने आया था। मौका पाकर उसने 3 मार्च को वहां से मोबाइल पार कर दिया। क्राइम ब्रांच ने उसे लेबर चौक, खेड़ी पुल से काबू किया।

बेच नहीं पाया तो तोड़ दिया फोन

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी के बाद मोबाइल फोन को बेचने की काफी कोशिश की, लेकिन जब वह कामयाब नहीं हुआ तो उसने फोन के पुर्जे अलग-अलग करके बेचने की योजना बनाई। इसी वजह से उसने फोन को तोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए फोन की बैटरी, कैमरा और फ्लैश बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।