Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल टीम ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के बहाने ठगी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
आदर्श नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 31 अगस्त को उसे एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को आईडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा रही है और इसी बहाने उसने शिकायतकर्ता से कार्ड की जानकारी ले ली। इसके बाद शिकायतकर्ता के खाते से 64,240 रुपये की रकम निकाल ली गई।
शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुभम सिंह (30) निवासी गांव जवां सिकंदरपुर, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी छपरौली, ग्रेटर नोएडा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि सुभम पहले नोएडा सेक्टर-15 के एक कॉल सेंटर में काम करता था और नौकरी छोड़ने के बाद बेरोजगार था। उसने खुद को बैंक कर्मचारी बनाकर शिकायतकर्ता से जानकारी ली और उसके कार्ड से ऑनलाइन खरीदारी कर ली।

