Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों को टेलिग्राम पर फर्जी टास्क देकर लाखों रुपए ऐंठता था।
फ्रेंड्स कॉलोनी फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 27 मार्च को उसके फोन पर पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। ठगों ने उसे टेलिग्राम पर जोड़कर गूगल मैप रेटिंग और फिर पैड टास्क करने को कहा। ज्यादा कमाई का लालच देकर ठगों ने उससे 4,06,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पैसे देने के बाद शिकायतकर्ता को कोई रकम वापस नहीं मिली।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोनिक पवार (22), निवासी कमला नेहरू नगर, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी खाताधारकों के खाते ऑपरेट करता था और उसमें आए पैसे नेट बैंकिंग से आगे भेजकर नकद निकालकर ठगों को दे देता था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

