Faridabad/Alive News: जिला मुख्यालय फरीदाबाद में 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल थाने के पास हेलिपैड ग्राउंड में किया जाएगा। हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रातः 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी और मार्च-पास्ट की सलामी लेंगी। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सेक्टर-12 स्थित वॉर मेमोरियल पर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगी। समारोह के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और लोक नृत्यों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट और प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ियां मार्च-पास्ट में शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बल्लभगढ़ में दशहरा ग्राउंड पर विधायक मूलचंद शर्मा तथा बड़खल में एनआईटी-01 स्थित दशहरा ग्राउंड पर विधायक धनेश अदलखा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

