Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के घर पर हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। यह घटना आईएमटी चौकी के पास गांव मुझेडी की है। हालांकि इस फायरिंग में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव मुझेडी के दो पक्षों के बीच साल 2014 से डीजे के काम को लेकर आपसी विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते 13 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे आईएमटी गेट के पास स्थित इंग्लिश वाइन शॉप पर रोहित और गौरव के बीच कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत हो गया।
इसके बाद बुधवार रात करीब 8 बजे दोनों युवक फिर से उसी वाइन शॉप पर पहुंचे, जहां दोबारा बहस हुई। बहस के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद गौरव अपने साथी संजय के साथ रोहित के घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि उस समय रोहित अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गौरव ने गाली-गलौज करते हुए गली में खड़े होकर चार राउंड हवाई फायरिंग की और धमकी देकर मौके से फरार हो गया। फायरिंग के दौरान रोहित और उसके परिवार के लोग डर के कारण घर के अंदर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से दो खाली कारतूस के खोल बरामद किए। पुलिस के अनुसार इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। मौके पर सीआईए और थाना पुलिस की टीम भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

