March 10, 2026

कहासुनी में युवक की चाकू मारकर हत्या, एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: थाना पल्ला क्षेत्र में हुए एक हत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सूर्या विहार निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति किशन 31 मई की रात घर से टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब वह उसे ढूंढते हुए ओम शांति चौक के पास पहुंची, तो देखा कि किसी ने किशन की हत्या कर दी थी। इस पर थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच डीएलएफ की पुलिस ने प्रदीप (25), निवासी पारबतीपुरा, आगरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले, 1 जून को आरोपी नाजिम और कमल को भी पकड़ा जा चुका है।

पूछताछ में पता चला कि 31 मई को आरोपी अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किशन से कहासुनी और हाथापाई हो गई। इस दौरान प्रदीप और नाजिम ने किशन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रदीप ट्रक ड्राइवर है और वारदात के बाद महाराष्ट्र की ओर ट्रक लेकर फरार हो गया था। पुलिस को उसके घर लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।