Faridabad/Alive News: सूर्या विहार इलाके में एक युवक ने परिवार के साथ व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर माफी मांगने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर वह अकेला था। सूचना मिलने पर पहुंची पत्नी दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे बचा नहीं सकी।
मृतक की पहचान निसार के रूप में हुई है, जो अपनी दूसरी पत्नी तमन्ना के साथ रहता था और एक हेयर सैलून पर काम करता था। उसके भाई इरसाद के अनुसार निसार की पहली पत्नी करीब पांच वर्षों से मनमुटाव के चलते मायके में रह रही थी और दोनों के बीच भरण-पोषण का मामला चल रहा था। लगभग दो वर्ष पहले निसार ने दूसरी शादी कर ली थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।
वीडियो कॉल पर मांगी माफी
बुधवार रात उसकी पत्नी तमन्ना अपने मायके गई हुई थी और निसार घर पर अकेला था। इसी दौरान उसने व्हाट्सएप पर फैमिली ग्रुप में वीडियो कॉल की, जिसमें भाई, बहन, बहनोई और अन्य रिश्तेदार जुड़े हुए थे। उसने सभी से कहा कि उसने सभी को बहुत परेशान किया है और अब वह किसी को दोबारा परेशान नहीं करेगा। परिजन उसे समझाते रहे, लेकिन उसने कॉल काट दी।
परिवार ने तुरंत तमन्ना को घर पहुंचने के लिए कहा। जब वह घर पहुंची तो कमरे का लोहे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने आवाज लगाई तो अंदर से जवाब मिला। पत्नी ने कसम देकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन निसार ने दरवाजा नहीं खोला और फंदा लगा लिया।
पुलिस पहुंचने को लेकर विवाद
कुछ देर बाद परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर गए, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। भाई इरसाद ने आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। वहीं पल्ला थाना पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टीम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक युवक आत्महत्या कर चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

