March 10, 2026

मुंबई क्राइम ब्रांच का झांसा देकर महिला से की 30 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: एनआईटी फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला से ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर करीब 30 लाख रुपये की ठगी कर ली। महिला ने इस मामले की शिकायत  एनआईटी साइबर थाना  में दी थी।

महिला ने बताया कि 16 जून 2025 को उसे एक कॉल आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताया और कहा कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिर एक और नंबर से वीडियो कॉल आई, जिसमें पुलिस अधिकारी जैसा दिखने वाला शख्स था। उसने बताया कि महिला जेट एयरवेज से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी है और उसे हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। जल्द ही उसके डिजिटल अरेस्ट के आदेश भी भेजे जाएंगे।

महिला से कहा गया कि वह किसी को कुछ नहीं बताए और न ही घर से बाहर जाए। केस की सुनवाई व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल के जरिए होगी, जिसमें सीनियर अफसर और जज बात करेंगे। ठगों ने महिला से केस खत्म करने के लिए 6 करोड़ 80 लाख रुपये मांगे, लेकिन महिला ने RTGS के जरिए 30.20 लाख रुपये बताए गए खाते में भेज दिए।

पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली के बुद्ध विहार फेस-2, रोहिणी सेक्टर 23 के रहने वाले दो आरोपियों मुकेश (35 उम्र) और आंशु (30 उम्र) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि मुकेश ओला में ड्राइवर है और वही खाता धारक था, लेकिन उसने खाता अपने दोस्त आंशु को दे दिया था। आंशु ने वह खाता आगे किसी और को दे दिया। आंशु ठेकेदारी का काम करता है। इस खाते में कुल 27.5 लाख रुपये की ठगी की रकम आई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लिया है और आगे की जांच जारी है।