September 19, 2024

विद्यार्थियों का दस सदस्यीय दल ‘कश्मीर संवाद यात्रा’ के लिए रवाना

Faridabad /Alive News : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय , वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया तकनीकी विभाग के 10 विद्यार्थियों का दल कश्मीर संवाद यात्रा के लिए रवाना हुआ है। मीडिया छात्र संगठन एवं इंडियन मीडिया सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में कश्मीर संवाद यात्रा में हरियाणा, पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश से 100 सदस्य शामिल हैं।

पत्रकारिता एवं समाज कार्य में अध्ययनरत विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान में दक्षता के लिए आयोजित कश्मीर संवाद यात्रा में विश्वविद्यालयों से 10 से 12 सदस्य चयनित किए गए हैं। आजादी के अमृत काल में 2 से 8 सितंबर तक 100 छात्रों का दल कश्मीर संवाद यात्रा हेतु कश्मीर जा रहा है। इस अध्ययन यात्रा में छात्राएं अधिक हैं। अध्ययन यात्रा के दौरान सभी छात्रों को कश्मीर के कुछ प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थान, विश्वविद्यालयों का भ्रमण कराएंगे।

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के संचार एवं मीडिया तकनीकी विभाग के अध्यक्ष डॉ.पवन सिंह ने बताया कि कश्मीर संवाद यात्रा में गत वर्ष भी हमारे विद्यार्थी शामिल रहे। इस वर्ष भी सहायक प्राचार्य डॉ.अखिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में समाज कार्य एवं पत्रकारिता के 10 विद्यार्थियों का दल रवाना हुआ है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल, पंजाब एवं हरियाणा की तरफ से प्रेम एवं आपसी भाईचारे का संदेश लेकर कश्मीर के समुदायों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित करेंगे, जो समाज व राष्ट्रहित के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद भी बढ़ेगा। दल की लीडरशिप मीडिया विभाग की छात्रा अदिति करेगी।