March 7, 2026

फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार बंद दुकान में घुसी, अलाव ताप रहे व्यक्ति घायल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में सोमवार तड़के करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार कार बंद पड़ी दुकान में जा घुसी। हादसे के समय दुकान के बाहर दो लोग अलाव ताप रहे थे। कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया।घायल व्यक्ति को तुरंत बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचकर देखा तो सफेद रंग की कार दुकान के बाहर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के पास बैठे दो लोग आग सेक रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार के अंदर शराब की बोतल भी मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को अपने साथ चौकी ले गई।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा लापरवाही से हुआ या चालक नशे की हालत में था।