June 12, 2026

फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, मूवी देखने जा रहे युवक-युवती बाल-बाल बचे

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के नेशनल हाईवे-19 पर रविवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। ओल्ड मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार सफेद VIRTUS कार ने अपने आगे चल रही I-20 कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि I-20 कार डिवाइडर की ग्रिल तोड़कर सर्विस रोड पर चली गई, जबकि VIRTUS कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन एयरबैग खुलने की वजह से सभी लोग सुरक्षित बच गए। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-16 चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों कारों को हटाकर ट्रैफिक को फिर से शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार, VIRTUS कार में दो लड़के सवार थे और I-20 में एक लड़का और एक लड़की बैठे थे। चारों करनाल के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। वे फरीदाबाद में करणी शूटिंग रेंज में प्रैक्टिस करते हैं और रविवार रात मूवी देखने निकले थे।

ASI संदीप ने बताया कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क से गाड़ियां हटवा दीं।