Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। मोदी चौक पर माचिस और टॉफी की दुकानों से पेमेंट लेकर जा रहे एक सेल्समैन से हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देकर तीन नकाबपोश बदमाश पल्सर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव फरीदपुर निवासी चमन सेल्समैन का काम करता है और वह दुकानों पर माचिस व टॉफी की सप्लाई करता है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह मोदी चौक पर एक परचून की दुकान से 21 हजार रुपये कैश लेकर अपने बैग में रख रहा था और स्कूटी से जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे हथियार दिखाकर डरा दिया और उसका बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक बैग में अलग-अलग दुकानों से एकत्र किया गया करीब डेढ़ लाख रुपये कैश था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी दूलीचंद ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और लुटेरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

