March 11, 2026

उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 Faridabad/Alive News: हरियाणा मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आज गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फरीदाबाद में आयोजित होने वाली उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की यह 32वीं बैठक आगामी 11 सितम्बर 2025 को सूरजकुंड, फरीदाबाद में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण परिषद की बैठक में चार राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, मुख्य सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण शिरकत करेंगे। इसमें चंडीगढ़, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और लद्दाख राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। परिषद आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, क्षेत्रीय विकास, कानून व्यवस्था और अंतरराज्यीय सहयोग जैसे अहम विषयों पर चर्चा एवं निर्णय के लिए एक महत्त्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।

बैठक उपरान्त मंडलायुक्त ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाएं, आपातकालीन सेवाएं, आतिथ्य एवं सम्मेलन स्थल की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उच्च स्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह बैठक राष्ट्रीय महत्व की है, इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को यह भी कहा कि अतिथियों के स्वागत-सत्कार से लेकर सम्मेलन स्थल की व्यवस्थाओं तक सभी कार्यों को समन्वय और टीम भावना के साथ पूरा किया जाए ताकि फरीदाबाद जिला इस ऐतिहासिक परिषद की मेजबानी में अपनी उत्कृष्ट छवि प्रस्तुत कर सके।

इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम सिंह, एडीसी सतबीर मान, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।