August 24, 2026

महिला की सिर कटी लाश मिलने से गांव में फ़ैली सनसनी

Bahadurgarh/Alive News : बहादुरगढ़ के मेहंदीपुर डाबौदा गांव में एक महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार तेजधार हथियार से महिला का गला काटा गया है। महिला का धड़ नहर किनारे पगडंडी पर मिला, जबकि सिर साथ के खेत में मिला है। महिला के सिर पर भी गहरा जख्म है।

अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव की फोरेंसिक जांच के बाद कार्रवाई तेज कर दी है। घटना हुड्डा माइनर के साथ खेतों की है। सड़क से करीब 4 एकड़ दूर नहर और खेत के कच्चे रास्ते पर ये शव मिला है। महिला की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। सदर थाना प्रभारी रणधीर सिंह दहिया ने बताया कि गांव के चौकीदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद मौके पर आकर हालात का जायजा लिया है। उन्होनें बताया कि अज्ञात लोगों ने महिला की तेजधार हथियार से हत्या की है।

हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के पहचान के साथ आरोपियों की तलाश भी पुलिस ने शुरू कर दी है। मृतका ने साड़ी पहन रखी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हुलिया के आधार पर मृतका किसी दूसरे राज्य की हो सकती है। महिला का सिर कटा शव मिलने से गांव वालों में भी दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सैंटर में भेज दिया है।