March 7, 2026

गुरुग्राम में बेसहारा पशु पकड़ने गई निगम टीम पर हमला, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम में बेसहारा पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम की सैनिटरी टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना सेक्टर-56 और न्यू कॉलोनी इलाके में हुई, जहां निगम की टीम विशेष अभियान के तहत आवारा पशुओं को पकड़ रही थी।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-56 में कुछ लोगों ने जानबूझकर निगम के सरकारी काम में बाधा डाली। आरोपियों ने निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। जब टीम ने गायों को पकड़ने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें जबरन छुड़ा लिया और भगा दिया।

न्यू कॉलोनी में भी हमला
दूसरी घटना न्यू कॉलोनी क्षेत्र में सामने आई। यहां भी नगर निगम की टीम जैसे ही बेसहारा गायों को पकड़ने पहुंची, कुछ अज्ञात लोगों ने निगम की गाड़ी पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गायों को निगम की गाड़ी से जबरन छुड़ा ले गए।

हमले के दौरान निगम कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। बताया जा रहा है कि हमलावर कई बाइकों पर आए थे, जिनमें से कुछ के नंबर नोट किए गए हैं, जबकि कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं थी।

घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। निगम की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।