Yamuna nagar/Alive News: हरियाणा के यमुनानगर में शनिवार सुबह हथिनी कुंड बैराज पर चलते हुए महिंद्रा XUV 300 में अचानक आग लग गई। आग डीज़ल टैंक तक पहुंची तो जोरदार धमाका हो गया। गाड़ी के बोनट से धुआं उठता देख एक बाइक सवार ने चालक को समय रहते रोक लिया, जिससे गाड़ी में बैठे देवर-भाभी की जान बच गई।
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। यूपी के पठलोकर गांव के तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ हरियाणा के मालीमाजरा गांव में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। हथिनी कुंड बैराज पर पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक सवार युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
गाड़ी रोकने पर बाइक सवार ने बताया कि बोनट से धुआं निकल रहा है। तयैब और उनकी भाभी तुरंत गाड़ी से उतर गए। बाइक सवार ने बोनट और बंपर खोला तो अचानक आग का बड़ा गुब्बार उठा। सभी लोग दूर हट गए और कुछ ही देर में तेज धमाका हुआ। जिस XUV 300 में आग लगी, वह यमुनानगर के प्रतापनगर निवासी अनीश के नाम है। गाड़ी का इस्तेमाल यूपी निवासी उसका रिश्तेदार तयैब करता है। यह गाड़ी 2024 मॉडल है और हरियाणा के व्यासपुर में रजिस्टर्ड है।
बैराज हरियाणा और यूपी की सीमा को जोड़ता है। धमाका सुनते ही दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। यूपी पुलिस पहले पहुंची, उसके बाद हरियाणा पुलिस आई।
दमकल की गाड़ियों की देरी
आग लगते ही यूपी और हरियाणा दोनों तरफ की दमकल टीमों को सूचना दी गई। यूपी के मिर्जापुर से दमकल की गाड़ी जल्दी पहुंच गई, लेकिन हरियाणा की दमकल वाहन करीब ढाई घंटे देर से लगभग 12 बजे पहुंची। डायल 112 की टीम भी करीब 11:45 बजे पहुंची।
जाम में फंसी सेना की गाड़ियां और एंबुलेंस
धमाके के बाद बैराज पर जाम लग गया। शादियों के सीजन की वजह से यहां ट्रैफिक ज्यादा था। इसी दौरान सेना की गाड़ियां भी यहां से गुजर रही थीं, जो जाम में फंस गईं। पुलिस ने पहले सेना की गाड़ियों को निकलवाया, फिर एंबुलेंस को रास्ता दिया। दोपहर 12 बजे के आसपास ट्रैफिक सामान्य हो गया।
सौभाग्य से बाइक सवार की सतर्कता से तयैब और उनकी भाभी सही समय पर नीचे उतर गए और उनकी जान बच गई।

